
बिलासपुर। जिले में अवैध रेत और गिट्टी के उत्खनन व परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर के निर्देश और उप संचालक के मार्गदर्शन में 11 मार्च से 13 मार्च तक विशेष जांच अभियान चलाया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध रूप से खनिज परिवहन करते हुए कुल 11 वाहनों को जब्त किया गया।
खनिज अमले की टीम ने अभियान के दौरान निरतु, लोफंदी, कच्छार, लछनपुर, रतनपुर लमेर, लारिपारा घुटकू, सेंदरी, कोनी, बिरकोना, मोपका, चकरभाठा, दर्रीघाट और जयरामनगर मस्तूरी सहित कई क्षेत्रों में व्यापक जांच की। इस दौरान कई स्थानों पर अवैध रूप से रेत और गिट्टी का परिवहन करते वाहन पकड़े गए।
जांच के दौरान लारिपारा क्षेत्र से अवैध रेत परिवहन करते 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली, सेंदरी क्षेत्र से 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली और कोनी क्षेत्र से अवैध रेत ले जाते 1 हाइवा वाहन को जब्त किया गया। वहीं जयरामनगर मस्तूरी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन करते 3 हाइवा वाहन और गिट्टी का अवैध परिवहन करते 1 हाइवा वाहन को भी खनिज विभाग की टीम ने पकड़ लिया।
इस प्रकार अभियान के दौरान कुल 11 वाहनों को जब्त कर पुलिस थाना कोनी और जांच चौकी लावर की अभिरक्षा में रखा गया है। जब्त वाहनों के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन का उद्देश्य खनिज संसाधनों की अवैध निकासी पर रोक लगाना और नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना है।
