
बिलासपुर। होलिका दहन की रात असामाजिक तत्वों द्वारा एक बुजुर्ग का रिक्शा जलाए जाने की घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश देखा गया। वहीं इस घटना के बाद रामसेतु चौक, सरकंडा के सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए पीड़ित बुजुर्ग की मदद के लिए हाथ बढ़ाया और आर्थिक सहायता प्रदान की।
जानकारी के अनुसार पीड़ित समारु सिंह मरावी (65) बहतराई भूकंप अटल आवास का निवासी है, जो रिक्शा चलाकर अपना जीवनयापन करता है। होलिका दहन की रात कुछ असामाजिक तत्वों ने उसका रिक्शा जला दिया, जिससे उसकी रोजी-रोटी का एकमात्र साधन नष्ट हो गया। घटना की सूचना मिलने पर थाना सरकंडा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों और सामाजिक संगठनों ने पीड़ित की मदद के लिए पहल की। श्री हनुमान सेवा समिति एवं मित्रगण, रामसेतु चौक सरकंडा के सदस्यों ने बुजुर्ग की स्थिति को देखते हुए तत्काल सहयोग देने का निर्णय लिया। समिति के सदस्य एम. संतोष ने नए रिक्शे की व्यवस्था के लिए 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। वहीं समिति के अन्य सदस्यों के सहयोग से अलग से 10 हजार 1 रुपये की राशि भी पीड़ित को सौंपी गई।
समिति के सदस्यों ने कहा कि समाज में जरूरतमंद लोगों की मदद करना सबसे बड़ा धर्म है। किसी की आजीविका छिन जाना बहुत दुखद है, इसलिए सभी ने मिलकर यह सहयोग किया ताकि बुजुर्ग दोबारा अपना काम शुरू कर सके।
इस पहल की क्षेत्र के लोगों ने भी सराहना की है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस तरह की मदद समाज में सकारात्मक संदेश देती है और जरूरतमंदों को सहारा मिलता है।
