
बिलासपुर | 10 मार्च 2026
जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “प्रहार अभियान” के तहत तखतपुर पुलिस ने अवैध ब्राउन शुगर की बिक्री करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3.74 ग्राम ब्राउन शुगर जिसकी कीमत लगभग 75 हजार रुपये बताई जा रही है, जप्त की है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21ए, 22ए और 29 के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में दुर्गेश गायकवाड (22 वर्ष) पिता अर्जुन गायकवाड, निवासी बड़े बाजार तखतपुर तथा अप्पू देवांगन (32 वर्ष) पिता राजू देवांगन, निवासी देवांगन मोहल्ला तखतपुर शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार जिले में अवैध शराब, गांजा और नशीले पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत तखतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम द्वारा लगातार निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मोढ़े चौक के पास दुर्गेश गायकवाड ब्राउन शुगर बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है।
सूचना के आधार पर तखतपुर पुलिस और ACCU बिलासपुर की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी दुर्गेश गायकवाड को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 3.74 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह मादक पदार्थ उसने अप्पू देवांगन से खरीदा है।
इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी अप्पू देवांगन की तलाश शुरू की और उसे बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास से हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अन्य राज्य से ब्राउन शुगर लाकर दुर्गेश गायकवाड को बेचने की बात कबूल की। पुलिस ने आरोपी के पास से 2000 रुपये बिक्री रकम और अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जप्त किया है।
दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में अन्य राज्यों से जुड़े आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तखतपुर निरीक्षक विवेक कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक दिलाराम मनहर, सहायक उपनिरीक्षक रमेश कुमार ओरके, ACCU बिलासपुर के उपनिरीक्षक कमलेश बंजारे एवं उनकी टीम के साथ तखतपुर थाना के आरक्षक आशीष वस्त्रकार, सुनील सूर्यवंशी, राजकुमार श्याम, चन्द्रशेखर मरकाम और संतोष पोर्ते का सराहनीय योगदान रहा।
