
बिलासपुर | 23 फरवरी 2026।
महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक पर जानलेवा हमला कर करोड़ों की ज्वेलरी और कार लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह पर बिलासपुर पुलिस ने सख्त प्रहार करते हुए सनसनीखेज मामले का खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एसीसीयू और थाना सरकंडा की संयुक्त टीम ने टेक्निकल एवं लोकल इनपुट के आधार पर यूपी के मिर्जापुर पुलिस के सहयोग से कुख्यात आरोपियों को गिरफ्तार कर लूट की शत-प्रतिशत मशरूका बरामद कर ली है।
गिरफ्तार आरोपी
विनोद उर्फ बिन्नु प्रजापति (अनूपपुर, म.प्र.)
करीम खान (बरेली, उ.प्र.)
विजय लांबा (पूर्वी दिल्ली)
मोनू उर्फ राहुल उर्फ गुडवा (नोएडा)
इरफान अली (सीपत, बिलासपुर)
नारद उर्फ सुमित श्रीवास (सिविल लाइन, बिलासपुर)
राजू सोनकर (सरकंडा, बिलासपुर)
क्या-क्या हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5.33 लाख रुपये नगद, 2 किलो से अधिक सोना-जेवर, 6 धारदार चाकू, 1 देशी कट्टा, 1 जिंदा कारतूस, 6 मोबाइल फोन, 1 मारुति ईको, 1 रेनॉल्ट क्विड और 1 महिंद्रा स्कॉर्पियो कार बरामद की है।
हत्या की साजिश और कई वारदातों का खुलासा
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह ने प्रॉपर्टी विवाद में एक कारोबारी की सुपारी लेकर हत्या की साजिश रची थी। दिसंबर 2025 में हत्या व लूट की कोशिश असफल रही। इसके अलावा होटल कारोबारी “निटी” से लूट के प्रयास और सदर बाजार स्थित ज्वेलरी दुकान में त्योहार के दौरान तिजोरी तोड़ने की योजना का भी खुलासा हुआ है।
ऐसे दिया था वारदात को अंजाम
17 फरवरी की रात आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी की कार को टक्कर मारकर रोका और कट्टे की नोक पर मारपीट कर सोने से भरे बैग और कार लूटकर फरार हो गए थे।
घटना के बाद पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज, साइबर इनपुट और लगातार पीछा करते हुए आरोपियों को उत्तर प्रदेश से दबोचा गया।
इस बड़ी सफलता पर पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा पूरी टीम की सराहना करते हुए नगद इनाम की घोषणा की गई है।
बिलासपुर पुलिस की सतर्कता, त्वरित कार्रवाई और पेशेवर जांच के चलते न केवल लूटकांड का खुलासा हुआ, बल्कि अंतरराज्यीय गैंग की कई साजिशों से भी पर्दा उठ गया है।
