More

    *जमीन के नाम पर 13.50 लाख की ठगी: एफएम ग्रुप के डायरेक्टर पर कलेक्ट्रेट क्लर्क से धोखाधड़ी का आरोप, फर्जी चेक देकर किया गुमराह*

    बिलासपुर। शहर में जमीन खरीद–फरोख्त के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। एफएम ग्रुप के डायरेक्टर और उसके सहयोगियों पर कलेक्ट्रेट कार्यालय में पदस्थ एक क्लर्क से 13 लाख 50 हजार रुपए की ठगी करने का गंभीर आरोप लगा है। रकम लेने के बावजूद न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई गई और न ही पैसे लौटाए गए। एग्रीमेंट कैंसिल होने के बाद पीड़ित को फर्जी चेक थमा दिया गया, जो बाद में बाउंस हो गया। परेशान होकर पीड़ित ने सकरी थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

    एफएम ग्रुप के नाम पर दिखाई जमीन, एग्रीमेंट कर वसूली लाखों की रकम

    उसलापुर के साईं नगर निवासी रविकांत शर्मा, जो कलेक्टर कार्यालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं, ने सकरी क्षेत्र के अमेरी पटवारी हल्का नंबर की एक जमीन देखी थी। जमीन खरीदने पर सहमति बनने के बाद उन्हें बताया गया कि उक्त भूमि एफएम ग्रुप के नाम पर रजिस्टर्ड है और इसका संचालन मुर्तजा हुसैन करता है। इसके बाद रविकांत शर्मा ने 940 वर्गफुट जमीन खरीदने के लिए शोहेल मुर्तजा के साथ एग्रीमेंट किया।

    16.25 लाख में तय हुआ सौदा, रजिस्ट्री के पहले वसूले 13.50 लाख

    पीड़ित रविकांत शर्मा ने अपनी पत्नी सरस्वती शर्मा के नाम पर जमीन खरीदने के लिए एग्रीमेंट किया था। 18 अक्टूबर 2023 को उन्होंने 50 हजार रुपए नकद दिए। इसके बाद अलग-अलग किश्तों में नगद और चेक के माध्यम से कुल 13 लाख 50 हजार रुपए शोहेल मुर्तजा को दे दिए। शेष 2 लाख 75 हजार रुपए दिसंबर 2023 में जमीन की रजिस्ट्री के समय देने की बात तय हुई थी। इस एग्रीमेंट में शोहेल मुर्तजा के साथ वसामा आसमी, नंदन साहू और मोहम्मद अनीस कादरी भी सहभागी बताए गए हैं।

    ना रजिस्ट्री हुई, ना लौटे पैसे

    पीड़ित का आरोप है कि पूरी रकम लेने के बावजूद आरोपियों ने न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई और न ही पैसे वापस किए। लंबे समय तक टालमटोल करने के बाद आरोपियों ने एग्रीमेंट को ही कैंसिल कर दिया और पैसा लौटाने का आश्वासन देते रहे।

    फर्जी चेक देकर किया गुमराह, चेक बाउंस

    शिकायत के अनुसार, शोहेल मुर्तजा के माध्यम से एफएम ग्रुप के मालिक मुर्तजा हुसैन ने 5 लाख 50 हजार रुपए का एक चेक दिया, जबकि शेष 8 लाख 50 हजार रुपए जल्द लौटाने का भरोसा दिलाया गया। लेकिन दिया गया चेक फर्जी निकला और बैंक में जमा करने पर बाउंस हो गया। इसके बाद हर महीने एक लाख रुपए देने का वादा भी किया गया, जो पूरा नहीं हुआ।

    सकरी थाने में शिकायत, पुलिस जांच में जुटी

    लगातार धोखा मिलने और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर रविकांत शर्मा ने पूरे मामले की शिकायत सकरी थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और मामले से जुड़े दस्तावेजों व लेन-देन की जानकारी जुटाई जा रही है।

    फिलहाल पुलिस जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की बात कह रही है।

    Related Articles

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Stay Connected

    161FansLike
    0SubscribersSubscribe

    Latest Articles