तारिक़ शारिक इलेवन भोपाल का शानदार विजय अभियान, लगातार तीन मुकाबले जीतकर अगले दौर में प्रवेश
बिलासपुर।
स्वर्गीय ऊषा देवी भंडारी की स्मृति में आयोजित अखिल भारतीय रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता बिलासपुर जिला खेल परिसर मैदान में रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है। प्रतियोगिता के 9वें दिन खेले गए तीन मुकाबलों में तारिक़ शारिक इलेवन भोपाल ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए लगातार तीन मैच जीतकर अगले दौर में अपनी जगह पक्की कर ली।
दिन का पहला मुकाबला केजीएफ इलेवन बिलासपुर और तारिक़ शारिक इलेवन भोपाल के बीच खेला गया। इस मैच के मुख्य अतिथि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक तथा क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र स्वन्नी रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टॉस कराया और मैच की शुरुआत की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए तारिक़ शारिक इलेवन भोपाल की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 127 रन बनाए और पूरी टीम ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से अनस अली ने मात्र 23 गेंदों में शानदार 76 रनों की विस्फोटक पारी खेली। केजीएफ बिलासपुर की ओर से सहज बाली ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके।
128 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केजीएफ इलेवन की टीम 10 ओवर में 9 विकेट खोकर केवल 65 रन ही बना सकी। इस तरह तारिक़ शारिक इलेवन भोपाल ने यह मुकाबला 63 रनों से जीत लिया। बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए अनस अली को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दिन का दूसरा मुकाबला तारिक़ शारिक इलेवन भोपाल और धमतरी इलेवन के बीच खेला गया। इस मैच में अतिरिक्त कलेक्टर सुश्री ज्योति पटेल, ज्वाइंट कलेक्टर आनंदरूप तिवारी, अतिरिक्त ड्रग कंट्रोलर रविन्द्र गेंदले, ओपी चंद्रवंशी एवं कमल कश्यप अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए तारिक़ शारिक भोपाल की टीम 10 ओवर में 63 रन बनाकर सिमट गई। 64 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी धमतरी इलेवन की टीम भी दबाव में आ गई और 10 ओवर में 9 विकेट खोकर केवल 40 रन ही बना सकी। इस तरह तारिक़ शारिक इलेवन भोपाल ने यह मुकाबला 23 रनों से अपने नाम किया। शानदार गेंदबाजी के लिए सुशांत को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
तीसरे मुकाबले में तारिक़ शारिक इलेवन भोपाल का सामना बालाजी इलेवन भिलाई से हुआ। इस मैच के अतिथि डॉ. प्रमोद तिवारी, डॉ. जिग्नेश पंड्या, डॉ. मनोज चौकसे, डॉ. अभिषेक शर्मा, डॉ. अजय पाण्डेय एवं डॉ. विनोद पटेल रहे।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बालाजी इलेवन भिलाई की टीम ने 10 ओवर में 7 विकेट खोकर 82 रन बनाए। टीम की ओर से कौशल ने सर्वाधिक 24 रन बनाए। तारिक़ शारिक भोपाल के गेंदबाज आनंद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट लिए।
83 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तारिक़ शारिक इलेवन भोपाल की टीम ने मात्र 8 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया और यह मुकाबला 7 विकेट से जीत लिया। शानदार गेंदबाजी के लिए आनंद शर्मा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
आयोजन समिति के प्रमुख ईशान भंडारी ने बताया कि वे अपनी स्वर्गीय माता ऊषा देवी भंडारी की स्मृति में यह आयोजन पिछले 13 वर्षों से लगातार करा रहे हैं। शहरवासियों और दर्शकों के भरपूर सहयोग से हर वर्ष इस प्रतियोगिता को और बेहतर बनाने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता की विजेता टीम को ₹11,11,111 की इनामी राशि और आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की जाएगी, जो लाइट टेनिस बॉल क्रिकेट में देश की सर्वाधिक इनामी राशि मानी जा रही है। इसके साथ ही उपविजेता टीम, मैन ऑफ द सीरीज, बेस्ट बॉलर, बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट फील्डर सहित कई आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए हैं।
दर्शकों के मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए लाइव स्क्रीन, यूट्यूब पर लाइव प्रसारण, रिप्ले, थर्ड अंपायर और आकर्षक आतिशबाजी जैसी आधुनिक सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है।
लगातार तीन जीत के साथ तारिक़ शारिक इलेवन भोपाल ने प्रतियोगिता में अपनी मजबूत दावेदारी पेश करते हुए अगले दौर में प्रवेश कर लिया है, जिससे आने वाले मुकाबलों के प्रति दर्शकों का उत्साह और भी बढ़ गया
