*9 से 11 जनवरी तक बिलासपुर में भक्ति का महासंगम
सुप्रसिद्ध कथावाचिका जया किशोरी सुनाएंगी ‘नानी बाई का मायरा’*
बिलासपुर।

शहर में धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से श्री प्रेम सेवा समिति परिवार द्वारा नानी बाई का मायरा (भजन) त्रिदिवसीय कथा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 9 जनवरी से 11 जनवरी तक प्रतिदिन मिनोचा कॉलोनी गार्डन के समीप आयोजित होगा।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में समिति के सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने बताया कि इस विशाल धार्मिक आयोजन में देशभर में सुप्रसिद्ध कथा वाचिका सुश्री जया किशोरी नानी बाई का मायरा कथा का भावपूर्ण एवं प्रेरणादायक वाचन करेंगी। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, संस्कार, सेवा, समर्पण और सामाजिक समरसता का संदेश मिलेगा।
आयोजकों के अनुसार, कथा स्थल लगभग पौने दो लाख स्क्वेयर फीट क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है, जहां हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के बैठने और कथा श्रवण की व्यवस्था की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कथा स्थल में चार प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। गेट नंबर 1, 2 और 3 से आम श्रद्धालुओं का प्रवेश होगा, जबकि गेट नंबर 4 से वीआईपी एवं वीवीआईपी अतिथियों के लिए प्रवेश की विशेष व्यवस्था रहेगी। वीआईपी आवागमन इस प्रकार नियोजित किया गया है कि आम श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कथा महोत्सव में मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, सांसद, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। श्रद्धालुओं के वाहनों की सुरक्षित पार्किंग की व्यवस्था के साथ-साथ मुख्य सड़क से कथा स्थल तक ई-रिक्शा सेवा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
श्रद्धालुओं के लिए आयोजन स्थल पर निःशुल्क जलपान एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था रहेगी। साफ-सफाई और स्वच्छता के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं, जिसके अंतर्गत महाराष्ट्र से अनुभवी सफाई कर्मियों की टीम बुलाई गई है। आयोजन को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन से आवश्यक अनुमति प्राप्त कर ली गई है, वहीं संपूर्ण व्यवस्थाओं का संचालन श्री प्रेम सेवा समिति परिवार स्वयं करेगा।
आयोजकों ने बताया कि कथा के साथ-साथ प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें भक्ति संगीत और संकीर्तन के माध्यम से श्रद्धालु भगवान के नाम में लीन होंगे।
श्री प्रेम सेवा समिति परिवार ने शहरवासियों एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस त्रिदिवसीय कथा एवं भजन महोत्सव में भाग लें और धर्मलाभ अर्जित करें। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करेगा, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा, आपसी सद्भाव और भाईचारे का संदेश भी प्रसारित करेगा।
