जयंती स्टेडियम के बाजू मैदान में गूंजेगा हनुमान भक्ति का स्वर, पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्री हनुमंत कथा की तैयारियां जोरों पर

बागेश्वर धाम आचार्य पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के मुखारविंद से श्री हनुमंत कथा का भव्य आयोजन 24 दिसंबर से 29 दिसंबर तक जयंती स्टेडियम के बाजू मैदान में किया जाएगा। इस छह दिवसीय धार्मिक आयोजन की तैयारियां लगातार और पूरी निष्ठा के साथ जारी हैं।
कथा आयोजन की जिम्मेदारी सेवा समर्पण समिति द्वारा निभाई जा रही है, जिसके संयोजक राकेश पाण्डेय के मार्गदर्शन में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कथा स्थल पर सेवा कार्यों के लिए वालंटियर पंजीयन का कार्य भी तेज़ी से चल रहा है। इसके तहत वालंटियर कार्ड हेतु आधार कार्ड की दो फोटो कॉपी एवं दो पासपोर्ट साइज फोटो समिति कार्यालय में स्थापित काउंटर पर जमा की जा रही हैं।
इस पावन सेवा में दुर्ग, भिलाई के साथ-साथ रायपुर और राजनांदगांव से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु वालंटियर बनकर सेवा देने पहुंच रहे हैं। कथा स्थल पर डोमशेड निर्माण का कार्य कर्मचारी दिन-रात मेहनत के साथ कर रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके साथ ही कथा स्थल की साफ-सफाई, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर सेवा समर्पण समिति के सदस्य निरंतर सेवाएं दे रहे हैं। आयोजनकर्ता राकेश पाण्डेय ने समस्त श्री हनुमान भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्री हनुमंत कथा का श्रवण कर धर्मलाभ लेने की अपील की है।
