स्वतंत्रता दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान, बिलासपुर पुलिस कप्तान रजनीश सिंह की दूरदृष्टि का मिला परिणाम

बिलासपुर।
79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस परेड ग्राउंड बिलासपुर में आयोजित मुख्य समारोह में जिले के उन पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने अपने-अपने विभागीय दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया और तत्पश्चात बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक भूपेंद्र कुमार गुप्ता एवं सहायक उप निरीक्षक विष्णु यादव के नेतृत्व में सशस्त्र बल, जिला बल, नगर सेना महिला एवं पुरुष की टुकड़ी के साथ-साथ एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड और रेडक्रॉस के बच्चों ने भव्य मार्च पास्ट कर सबका मन मोह लिया। इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से सराबोर सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समा बांध दिया।
उत्कृष्ट कार्यों के लिए मिला सम्मान
कार्यक्रम में उन अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने अपराध नियंत्रण, साइबर ठगी के मामलों का निराकरण, शिकायतों का समाधान, नशे के खिलाफ कार्रवाई, अपराधियों की गिरफ्तारी, डायल-112 का सफल संचालन, यातायात व्यवस्था सुधार और न्यायालयीन कार्यों में उल्लेखनीय योगदान दिया।
सम्मानित होने वालों में नगर पुलिस अधीक्षक निमितेश सिंह, निरीक्षक बृजबिहारी साहू, अजहरुद्दीन, देवेश राठौर, निलेश पाण्डेय, स्वेता मिश्रा गौरहा, उप निरीक्षक हेमंत आदित्य, विष्णु यादव, राज सिंह, नरेंद्र सिंह, राजाराम ध्रुव, गौरी शंकर बघेल, आदित्य शर्मा, आकांक्षा दाण्डवेकर, वंदना कौरव, सुरेंद्र डड़सेना सहित कई प्रधान आरक्षक व आरक्षक शामिल रहे।
कप्तान रजनीश सिंह की दूरदर्शी नेतृत्व क्षमता
इस अवसर पर विशेष रूप से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह की कार्यशैली की सराहना की गई। उनके कुशल मार्गदर्शन और नेतृत्व में जिले की पुलिसिंग में एक नई ऊर्जा और तेज़ी आई है।
अपराधों की रोकथाम और त्वरित निराकरण
नशामुक्ति की दिशा में ठोस कदम
साइबर अपराधों पर कड़ा प्रहार
जनता की शिकायतों का त्वरित निपटारा
पुलिस विभाग में अनुशासन और कार्यकुशलता को बढ़ावा
इन सभी प्रयासों ने बिलासपुर पुलिस की छवि को न केवल मजबूत किया है, बल्कि जनता के बीच विश्वास भी बढ़ाया है।
जनता और पुलिस के बीच मजबूत सेतु
कप्तान रजनीश सिंह के निर्देशन में बिलासपुर पुलिस सिर्फ कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि जनसेवा और जनसंपर्क को भी प्राथमिकता दी है। यही कारण है कि जिले की जनता पुलिस को अपने साथ खड़ा महसूस करती है।
