गुरुभक्ति और आध्यात्म की अमृतधारा बहाएगा जन्मोत्सव — संत धर्मदास बालक साहब का त्रिदिवसीय पुण्य पर्व 28 अगस्त से प्रारंभ
पूर्व मंत्री पुन्नूलाल मोहले को सौंपा गया विशेष आमंत्रण, जनसंपर्क का शुभारंभ

बिलासपुर। संत परंपरा के दिव्य दीप स्तंभ, श्रद्धा और समरसता के प्रतीक गुरु धर्मदास बालक साहब जी के अवतरण दिवस पर तीन दिवसीय भव्य आध्यात्मिक उत्सव का आयोजन 28 अगस्त से साइंस कॉलेज मैदान, बिलासपुर में होने जा रहा है। आयोजन समिति ने इस पुण्य अवसर की तैयारियाँ आरंभ कर दी हैं तथा आज से पावन जनसंपर्क और आमंत्रण वितरण की विधिवत शुरुआत कर दी गई।
28 अगस्त की प्रभात बेला में प्रभात फेरी एवं नगर भ्रमण रैली से कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। भव्य बाइक रैली के माध्यम से गुरुजी के उपदेशों एवं आध्यात्मिक संदेशों को नगर के कोने-कोने तक पहुँचाया जाएगा। विशेष रूप से युवाओं को गुरुजी की जीवन साधना, श्रम-गौरव और जातिविहीन समाज की भावना से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
इस तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में सत्संग, गुरुवाणी पाठ, कथा, भजन संध्या और दिव्य प्रवचनों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। समापन दिवस पर विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी वितरण की व्यवस्था रहेगी।
आज आयोजन समिति के सदस्यों ने पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता पुन्नूलाल मोहले जी से भेंट कर उन्हें सादर आमंत्रण पत्र भेंट किया। समिति ने कार्यक्रम की पूर्ण रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
समिति सदस्यों ने बताया कि संत धर्मदास बालक साहब न केवल एक परमहंस संत थे, बल्कि उन्होंने समाज को एकता, श्रम और समर्पण की राह दिखाई। उनके आदर्श आज भी मार्गदर्शक प्रकाशपुंज की भाँति समाज को आलोकित कर रहे हैं।
आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं, भक्तों एवं नगरवासियों से निवेदन किया है कि अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पावन उत्सव को सफल बनाएं और गुरुकृपा के अमृत वर्षा का अनुभव करें।
