“किसान सम्मान निधि की 20वीं किश्त पर बिल्हा में कृषक संगोष्ठी, वैज्ञानिकों ने दिए आधुनिक खेती के सुझाव”

बिल्हा, 2 अगस्त 2025
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किश्त जारी किए जाने के अवसर पर आज वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय, बिल्हा में एक विशेष कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि स्थाई समिति के अध्यक्ष श्री राजकुमार साहू ने की। इस अवसर पर आसपास के ग्रामों से बड़ी संख्या में कृषकों ने भाग लिया।

संगोष्ठी में कृषि महाविद्यालय, बिलासपुर के कीट वैज्ञानिक डॉ. यशपाल निराला ने धान की फसल में कीट प्रबंधन को लेकर किसानों को अत्यंत उपयोगी जानकारी प्रदान की। उन्होंने किसानों के प्रश्नों का भी समाधान किया, जिससे उपस्थित कृषकों में विशेष उत्साह देखा गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री आर.एस. गौतम ने भूमिगत जल संरक्षण के लिए गर्मी की धान के स्थान पर अन्य फसल अपनाने की सलाह दी। साथ ही मिट्टी परीक्षण कर संतुलित पोषक तत्वों के उपयोग की जानकारी भी साझा की।
श्री राजकुमार साहू ने अपने संबोधन में किसानों से आग्रह किया कि वे कृषि विभाग एवं वैज्ञानिकों के सुझावों को अपनाएं, जिससे खेती अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ बन सके।
किसानों ने इस आयोजन को अत्यंत लाभकारी बताया और रबी मौसम पूर्व एक और कार्यशाला की मांग भी की।
कार्यक्रम में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी कुंज बिहारी पात्रे, वंश द्विवेदी, योगेश साहू, शकुंतला बैनर्जी, दुर्गेश कुमार श्रीवास, चंद्रप्रकाश धुर्वे, दीपक कुमार कौशिक, कु. निशा यादव, पुरुषोत्तम राठौर एवं ब्लॉक टेक्नोलॉजी मैनेजर श्री अमित सिंह की सक्रिय उपस्थिति रही।
