“मोदी युग में बदला भारत का चेहरा: सेवा, सुशासन और आत्मनिर्भरता बनी पहचान – अरुण साव”
बिलासपुर।

भारतीय जनता पार्टी बिलासपुर द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने मोदी सरकार के 11 वर्षों के कार्यकाल को देश के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह कालखंड सेवा, सुरक्षा, संस्कृति और शिक्षा को केंद्र में रखकर आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मील का पत्थर साबित हुआ है।
अरुण साव ने कहा कि मोदी सरकार ने गरीब कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है, जिससे देश के करोड़ों नागरिकों को सीधा लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से 44 लाख करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचे हैं, जिससे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है।
उन्होंने रक्षा, अंतरिक्ष, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप, स्वास्थ्य, कृषि और अधोसंरचना जैसे क्षेत्रों में सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। नक्सल प्रभावित जिलों की संख्या में भारी गिरावट, आत्मनिर्भर रक्षा उत्पादन, और 81 करोड़ नागरिकों को निःशुल्क अन्न वितरण जैसी योजनाएं सरकार की जनहितकारी सोच को दर्शाती हैं।
अरुण साव ने बताया कि 2014 से पहले जो काम मुश्किल लगते थे, वो अब मुमकिन हो रहे हैं। आज भारत तेज़ी से बढ़ता हुआ आत्मविश्वासी राष्ट्र है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का यह कार्यकाल भारत को भविष्य के लिए मजबूत नींव देने वाला साबित हो रहा है।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, भाजपा जिला अध्यक्ष मोहित जायसवाल एवं दीपक सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
