नाबालिग का अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

बिलासपुर, 17 मई 2025
सिटी कोतवाली पुलिस ने एक नाबालिग बच्चे का अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान कुंदन कुमार राजवाड़े (उम्र 27 वर्ष), निवासी बच्चयत महुआपारा, चर्चाकोल, बैकुण्ठपुर, जिला कोरिया के रूप में हुई है।
यह कार्रवाई केंद्रीय गृह मंत्रालय की साइबर टिपलाइन रिपोर्ट के आधार पर की गई। नई दिल्ली स्थित NCRB (राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो) द्वारा भेजी गई रिपोर्ट क्रमांक 138094971 में आरोपी द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अश्लील वीडियो प्रसारित करने की जानकारी दी गई थी।
साइबर जांच में पाया गया कि आरोपी ने अपने मोबाइल नंबर 6281958097 से फेसबुक पर एक नाबालिग बच्चे का अश्लील वीडियो वायरल किया था। घटना स्थल इंद्रजीत कॉम्प्लेक्स, रविदास नगर, बिलासपुर के आसपास चिन्हित किया गया। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे विश्वसनीय मुखबिर की सूचना पर बैकुण्ठपुर स्थित उसके निवास से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। उसके खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 67-बी एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 15(2) के तहत प्रकरण क्रमांक 248/25 दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार पांडेय, स.उ.नि. गजेन्द्र शर्मा, आरक्षक गोकुल जांगड़े, नुरुल कादिर एवं धीरेन्द्र सिंह की अहम भूमिका रही।
