’
बिलासपुर, 6 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक पर्व तीजा तिहार के अवसर पर बहतराई स्टेडियम में आयोजित भव्य तीजा मिलन समारोह में छत्तीसगढ़ी संस्कृति, परंपरा और नारी शक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में माताएं-बहनें और बच्चे शामिल हुए। पारंपरिक वेशभूषा, गीत-संगीत और उत्सवी माहौल से पूरा स्टेडियम तीजा के रंग में रंगा नजर आया।
महिलाओं के लिए झूले, मेहंदी, मनोरंजक गतिविधियों के साथ भोजन और उपहार की विशेष व्यवस्था की गई थी। बच्चों ने भी विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि तीजा माताओं और बहनों की आस्था, प्रेम और पारिवारिक समर्पण का महापर्व है। छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपराओं में इस पर्व का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब केवल योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि प्रदेश के विकास की महत्वपूर्ण भागीदार बन रही हैं।
मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में 13 लाख 85 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। ड्रोन दीदियां आधुनिक तकनीक के जरिए स्वरोजगार से जुड़कर आय अर्जित कर रही हैं। महिलाओं को उद्योगों से जोड़ने के लिए 50 प्रतिशत तक सब्सिडी का प्रावधान भी किया गया है।
मुख्यमंत्री ने की दो बड़ी घोषणाएं
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बिल्हा विकासखंड के चोरहादेवरी गांव का नाम बदलकर ‘रामदेवरी’ किए जाने की घोषणा की। इसके साथ ही माघी पूर्णिमा पर आयोजित होने वाले बेलतरा महोत्सव के लिए 30 लाख रुपये देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री की घोषणाओं का उपस्थित लोगों ने जोरदार स्वागत किया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तीजा को छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का काम करते हैं। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भी महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि तीजा छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और पारिवारिक भावनाओं से जुड़ा पर्व है। आयोजन हमारी परंपराओं को आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है।
समारोह में विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, भावना बोहरा, छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, दीपक सिंह, मोहित जायसवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। संभागायुक्त सुनील जैन, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
गीत-संगीत, पारंपरिक परिधान, झूलों और मेहंदी के साथ बहतराई स्टेडियम में देर तक तीजा तिहार का उत्साह देखने को मिला। आयोजन ने छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और महिला शक्ति की खूबसूरत तस्वीर पेश की।
