
बिलासपुर..सेंट जेवियर हाई स्कूल, सरकंडा में स्प्रिंग कैंप के अंतर्गत दिनांक 24 मार्च 2026 को प्रसिद्ध जादूगर मनी द्वारा एक आकर्षक एवं रोमांचक जादू कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इस विशेष अवसर पर विद्यालय का वातावरण उत्साह, आश्चर्य और आनंद से भर उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या सुश्री शाइस्ता बेगम द्वारा जादूगर मनी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत कर किया गया। उन्होंने अतिथि का अभिनंदन करते हुए कहा कि इस प्रकार के रचनात्मक एवं मनोरंजक कार्यक्रम बच्चों के मानसिक विकास, कल्पनाशक्ति तथा उत्साहवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जादूगर मनी ने अपने मनमोहक अंदाज़ और अद्भुत प्रस्तुतियों से सभी बच्चों का भरपूर मनोरंजन किया। उन्होंने एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज कारनामे दिखाए, जैसे—खाली पात्र से रंग-बिरंगे रूमाल निकालना, वस्तुओं को गायब कर पुनः प्रकट करना, टोपी से विभिन्न वस्तुएँ निकालना, रस्सी के अनोखे खेल, जादुई डिब्बे के करिश्मे तथा बच्चों की सहभागिता के साथ कई रोचक जादुई प्रस्तुतियाँ दी। उनके प्रत्येक प्रदर्शन पर बच्चे तालियों की गड़गड़ाहट से सभागार को गुंजायमान करते रहे।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने अत्यंत उत्साह और आनंद के साथ भाग लिया। जादू के अनोखे खेल देखकर वे आश्चर्यचकित भी हुए ।समर कैंप के इस विशेष आयोजन ने बच्चों को मनोरंजन के साथ-साथ नई ऊर्जा और उमंग से भर दिया।
विद्यालय परिवार ने इस सफल एवं यादगार प्रस्तुति के लिए जादूगर मनी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम ने स्प्रिंग कैंप को और अधिक जीवंत, रोचक तथा अविस्मरणीय बना दिया।
