
बिलासपुर, 02 मार्च 2026।
एसईसीएल, बिलासपुर की मेजबानी में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन कोल इंडिया मेडिकल कॉन्फ्रेंस – सिमेकॉन 2026 का सोमवार को गरिमामय समापन हुआ। सम्मेलन ने खनन क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिकीकरण, डिजिटल स्वास्थ्य निगरानी और चिकित्सा नवाचार के नए आयाम स्थापित किए।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि कोल इंडिया लिमिटेड के निदेशक (मानव संसाधन) डॉ. विनय रंजन रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) श्री बिरंची दास ने की। इस अवसर पर कोल इंडिया के चिकित्सा विभागाध्यक्ष डॉ. सोमशुभ्रो गुप्ता, एसईसीएल के चिकित्सा सेवा प्रमुख डॉ. श्रुतिदेव मिश्रा, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरिहंत जैन सहित अनेक वरिष्ठ चिकित्सक, विशेषज्ञ और अधिकारी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में डॉ. विनय रंजन ने कहा कि कोल इंडिया को गर्व है कि उसके पास लगभग 1200 समर्पित चिकित्सकों का मजबूत नेटवर्क है, जो 16 बड़े अस्पतालों और 80 से अधिक क्षेत्रीय अस्पतालों के माध्यम से विभिन्न कोलफील्ड क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की उत्पादकता और कार्यक्षमता का आधार स्वस्थ कार्यबल है, और इसमें चिकित्सकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने चिकित्सा सेवाओं में आधुनिक तकनीकों, डिजिटल हेल्थ मॉनिटरिंग, टेलीमेडिसिन और डेटा एनालिटिक्स के प्रभावी उपयोग पर बल देते हुए कहा कि भविष्य की स्वास्थ्य प्रणाली तकनीक-सक्षम, पारदर्शी और परिणामोन्मुखी होनी चाहिए। उन्होंने खनन क्षेत्रों में व्यावसायिक रोगों की पहचान और समयबद्ध उपचार व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की आवश्यकता भी जताई।
तीन दिनों तक चले इस सम्मेलन में प्री-कॉन्फ्रेंस कार्यशालाओं, वैज्ञानिक सत्रों और तकनीकी प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों से आए 250 से अधिक डॉक्टरों एवं विशेषज्ञों के साथ-साथ कोल इंडिया और उसकी सहायक कंपनियों के चिकित्सकों ने विभिन्न शोधपत्र और केस स्टडी प्रस्तुत किए।
सम्मेलन में खनन क्षेत्रों में होने वाले व्यावसायिक रोग, आपातकालीन चिकित्सा प्रबंधन, उन्नत निदान तकनीक, डिजिटल हेल्थ मॉनिटरिंग, टेलीमेडिसिन और अस्पताल प्रबंधन प्रणाली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने अनुभव साझा करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के व्यावहारिक सुझाव भी दिए।
समापन समारोह में सर्वश्रेष्ठ केस प्रेजेंटेशन के विजेताओं को सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
सिमेकॉन 2026 ने न केवल ज्ञान-विनिमय और अनुभव साझाकरण का प्रभावी मंच प्रदान किया, बल्कि खनन क्षेत्रों में चिकित्सा सेवाओं के आधुनिकीकरण और नवाचार को नई दिशा भी दी। बिलासपुर में आयोजित यह राष्ट्रीय सम्मेलन कोल इंडिया के स्वास्थ्य तंत्र को और अधिक सशक्त, आधुनिक और परिणामोन्मुखी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
