
बिलासपुर।
बिलासपुर पुलिस ने अवैध नशे और हथियारों के कारोबार के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए मिनीबस्ती क्षेत्र से पिस्टल, कारतूस, मैग्जीन और भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली टेबलेट जप्त की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने न केवल स्थानीय आरोपी को गिरफ्तार किया, बल्कि भोपाल से अवैध हथियार सप्लाई करने वाले सप्लायर को भी दबोचकर अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।
जिले में बढ़ते अवैध नशे और हथियारों की सप्लाई पर सख्त नियंत्रण के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिविल लाईन, थाना तारबाहर और पुलिस लाइन से प्राप्त बल को मिलाकर एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने मिनीबस्ती क्षेत्र में सघन रेड कार्रवाई की।
रेड के दौरान स्वराज कुर्रे के घर की तलाशी में पुलिस को लगभग 1100 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट (नाइट्राजेपाम) बरामद हुई। इसके साथ ही आरोपी के पास से एक ऑटोमेटिक पिस्टल, दो मैग्जीन और 20 राउंड जिंदा कारतूस भी मिले। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही सामान जप्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की।
पूछताछ में आरोपी ने अवैध हथियारों की सप्लाई भोपाल निवासी धीरेंद्र सिंह तोमर द्वारा किए जाने की जानकारी दी। जांच में सामने आया कि धीरेंद्र तोमर पूर्व में भी बिलासपुर जिले में पिस्टल सप्लाई के मामलों में संलिप्त रहा है और लंबे समय से फरार चल रहा था।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने एक बार फिर विशेष टीम गठित कर तत्काल भोपाल रवाना किया। पुलिस टीम ने सटीक सूचना और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपी को दबोचते हुए उसके कब्जे से एक पिस्टल और दो मैग्जीन बरामद की। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है, वहीं धीरेंद्र तोमर को पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।
बिलासपुर पुलिस की यह कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। पुलिस द्वारा पूरे नेटवर्क पर एंड-टू-एंड कार्रवाई की जा रही है। गिरोह से जुड़े अन्य सप्लायरों और संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है। साथ ही आरोपियों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर ली गई है, जिन पर शीघ्र ही जब्ती की कार्रवाई कर आर्थिक प्रहार किया जाएगा।
यह कार्रवाई न सिर्फ अपराधियों के लिए कड़ा संदेश है, बल्कि यह भी साबित करती है कि बिलासपुर पुलिस जिले को नशा और अवैध हथियार मुक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
गिरफ्तार आरोपी
1️⃣ स्वराज कुर्रे, पिता स्व. छन्नु कुर्रे, उम्र 20 वर्ष
निवासी – मिनीबस्ती जरहाभाठा, थाना सिविल लाईन, जिला बिलासपुर
2️⃣ धीरेंद्र सिंह तोमर, पिता सरनाम सिंह तोमर, उम्र 37 वर्ष
निवासी – बी-84 क्रिस्टल आईडियल सिटी अवधपुरी, थाना अवधपुरी, जिला भोपाल (म.प्र.)
जप्त सामग्री
▪️ प्रतिबंधित नशीली टेबलेट नाइट्राजेपाम – लगभग 1100 नग
▪️ ऑटोमेटिक पिस्टल – 02 नग
▪️ जिंदा कारतूस – 20 नग
▪️ मैग्जीन – 04 नग
▪️ धारदार लोहे का चाकू – 01 नग
▪️ जुपीटर स्कूटी क्रमांक CG-10-CA-8764 – 01 नग
