
बिलासपुर।
प्रेस क्लब गृह निर्माण सहकारी समिति मर्यादित, बिलासपुर के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपाध्यक्ष इरशाद अली के नेतृत्व में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से भेंट कर बिरकोना स्थित पत्रकार कॉलोनी से जुड़ी दो गंभीर एवं लंबे समय से लंबित समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने पूरे विषय को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।
भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को दो पृथक ज्ञापन सौंपे। पहले ज्ञापन में बिरकोना स्थित पत्रकार कॉलोनी में नाली निर्माण एवं सीमेंट कंक्रीट (सीसी) रोड निर्माण कार्य की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति की मांग की गई। ज्ञापन में बताया गया कि कॉलोनी में पक्की नालियों और सीसी सड़क के अभाव में वर्षा ऋतु के दौरान जलभराव, कीचड़ एवं गंदगी की विकट समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिससे कॉलोनीवासियों को आवागमन के साथ-साथ दैनिक जीवन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उल्लेखनीय है कि कॉलोनी में निवासरत समस्त परिवार पत्रकार हैं, जो लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज और शासन-प्रशासन के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन निरंतर करते आ रहे हैं। इसके बावजूद कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं का अभाव होना चिंताजनक बताया गया।
दूसरे ज्ञापन में ग्राम बिरकोना, तहसील एवं जिला बिलासपुर स्थित शासकीय भूमि के आवंटन से जुड़े लंबित प्रकरण पर शीघ्र निर्णय की मांग की गई। ज्ञापन में जानकारी दी गई कि प्रेस क्लब गृह निर्माण सहकारी समिति मर्यादित द्वारा अपने पत्रकार सदस्यों के आवासीय प्रयोजन हेतु खसरा नंबर 1260/1 एवं 1340/3 में से कुल 5.00 एकड़ शासकीय भूमि के आवंटन के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया है। यह प्रस्ताव कलेक्टर बिलासपुर द्वारा अपर कलेक्टर के माध्यम से आयुक्त बिलासपुर संभाग को भेजा गया था, जहां से इसे मंत्रालय, रायपुर को संदर्भित किया गया है। वर्तमान में यह मामला मंत्रालय स्तर पर लंबित है।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि पत्रकार हित और जनहित को ध्यान में रखते हुए कॉलोनी में नाली एवं सीसी रोड निर्माण के लिए शीघ्र आवश्यक स्वीकृति प्रदान की जाए तथा भूमि आवंटन संबंधी प्रस्ताव को भी जल्द स्वीकृति देकर आवासीय योजना के क्रियान्वयन का मार्ग प्रशस्त किया जाए।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए दोनों ही मामलों में सकारात्मक निर्णय लेकर शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
उल्लेखनीय है कि ज्ञापन सौंपने का निर्णय हाल ही में प्रेस क्लब गृह निर्माण सहकारी समिति की डायरेक्टर मंडल की बैठक में लिया गया था। बैठक में अध्यक्ष संजीव पांडेय, उपाध्यक्ष इरशाद अली सहित डायरेक्टर कमलेश शर्मा, विनोद सिंह, साखन दर्वे, संजय श्रॉफ, उमेश मौर्य, तारिणी शुक्ला, काजल किरण कश्यप, ब्रह्मदेव सिंह एवं नवीन लदेर उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष इरशाद अली, बिलासपुर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष कमलेश शर्मा, पूर्व उपाध्यक्ष गोपीनाथ डे, पूर्व सचिव दिलीप यादव, पूर्व कोषाध्यक्ष लोकेश वाघमारे, पूर्व सह सचिव रमेश राजपूत सहित अखलाख खान, पंकज गुप्ते, उषा सोनी, जेपी अग्रवाल, श्याम पाठक, हृदेश केसरी, गोविंद शर्मा, राकेश प्रताप सिंह, अमित संतवानी, अनुज श्रीवास्तव, उत्पलसेन गुप्ता, नरेंद्र सिंह, निशांत तिवारी, शाहिद अली, छवि कश्यप सहित अन्य पत्रकार सदस्य शामिल रहे।
